बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस और एसओजी टीम को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने एक किलो 530 ग्राम अफीम के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे झारखंड से अच्छी गुणवत्ता वाली अफीम खरीदते थे, फिर उसमें अन्य रासायनिक मिलावट कर इसकी मात्रा बढ़ा लेते थे ताकि मुनाफा ज्यादा हो सके। इसके बाद इस अफीम को पंजाब में ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पकड़ी गई खेप को भी पंजाब ले जाने की तैयारी थी।
अभियुक्तों की पहचान थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के चंदपुर बिचपुरी निवासी अरविंद कुमार और थाना शाही क्षेत्र के गौहना निवासी हरप्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अरविंद पर पहले से ही दो और हरप्रसाद पर तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने टीम को बधाई दी है और भविष्य में मादक पदार्थ तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए सतर्कता बनाए रखने की बात कही।