बरेली। सावन की हरियाली और उत्सव की उमंग के बीच बरेली के बड़ा बाईपास स्थित बीआर फार्म में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को रंग-बिरंगा बना दिया। मुख्य आकर्षण रही “तीज क्वीन” प्रतियोगिता, जिसमें रुचि शर्मा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए इस वर्ष का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, इसके बाद प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। सावन के गीतों पर महिलाओं के नृत्य ने समां बांध दिया। पारंपरिक गीत–संगीत पर झूमती महिलाओं को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। तालियों की गूंज ने माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया।
महोत्सव में शहर की प्रतिष्ठित महिलाएं शामिल हुईं। इनमें लक्ष्मी पटेल, सुनीता गंगवार, क्रांति पटेल, कल्पना पटेल, नीरू पटेल और श्रेया पटेल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। सभी ने सावन की परंपरा और नारी सशक्तिकरण का उत्सव मिलकर मनाया।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी से जोड़ना है, साथ ही महिलाओं को एक मंच देना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा और संस्कृति का प्रदर्शन कर सकें।