बरेली। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बरेली में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कई अहम मुद्दों पर बयान देते हुए विपक्ष और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार है और जैसे ही निर्वाचन आयोग घोषणा करेगा, पार्टी जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी।
भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, “भाजपा हमेशा जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव को घोषित रूप से लड़ती है। बीडीसी और प्रधान पद के लिए सभी लोग लड़ते हैं। पार्टी ने हर स्तर पर अपना सक्रिय संगठन मजबूत किया है। सामाजिक और राजनैतिक कारणों से राज्य के कुछ जिलों में अभी संगठन घोषित नहीं हुआ है, लेकिन यह काम भी जल्द होगा। उन्होंने कहा कि यूपी भाजपा को भी नया अध्यक्ष भी जल्द मिल जाएगा।
कांवड़ यात्रा पर अखिलेश के बयान पर पलटवार
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा कांवड़ यात्रा पर उठाए गए सवालों पर तीखा हमला बोलते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, “अखिलेश यादव पहले अपना ट्रैक रिकॉर्ड देखें। उनकी सरकार में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाते थे। अब हमारी सरकार ने हर त्योहार को शांति और श्रद्धा से मनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।” बोले-सपा का हिन्दू समाज, परंपराओं और धर्मगुरुओं के प्रति रुख जगजाहिर है। “हिन्दू समाज से जुड़े मामलों में विरोध करना सपा का चरित्र बन चुका है,” उन्होंने कहा।
“जनभावनाओं का सम्मान हमारी प्राथमिकता”
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में आस्था, परंपरा और सुरक्षा – तीनों पर संतुलित काम कर रही है। कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार ने व्यापक और समुचित इंतजाम किए हैं। किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस जांच कर रही है। अगर कोई साजिश है, तो वह सामने लाई जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों के गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश की राजनीति में ऐसे बेमेल और स्वार्थ आधारित गठबंधन की कोई जगह नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के यह बयान न सिर्फ भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति का संकेत हैं, बल्कि उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर हो रहे सियासी आरोप-प्रत्यारोपों के बीच अपनी सरकार की नीतियों और सांस्कृतिक प्रतिबद्धताओं को भी साफ तौर पर सामने रखा है।